फिरोजाबाद शिकोहाबाद (अब्दुल सत्तार) : विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश के अंतर्गत जिला विज्ञान क्लब, फिरोजाबाद के तत्वावधान में डिवाइन इंटरनेशनल एकेडमी, सिरसागंज में विद्यालय के प्रबंधक देव शरण आर्य व जिला समन्वयक अश्वनी कुमार जैन के संयोजन में मतदान जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। जिसमें दिव्यम सक्सेना, अविका, प्रिया, प्रिंसी, सत्यम, ध्रुव, नैंसी, एकता एवं नमन ने मतदान की महत्ता बताते हुए मतदान अवश्य करें, का संदेश प्रदान किया।
जिला समन्वयक अश्वनी कुमार जैन ने विद्यार्थियों को बताया कि हमारा देश उत्सवों का देश है, निर्वाचन लोकतंत्र का पर्व, देश का पर्व है। हम भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हैं। हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करते हैं। उन्होंने सभी को जागरूक करते हुए बताया कि लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व मतदान एवं लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति मत है। प्रत्येक मत महत्वपूर्ण है, इसलिए कोई भी मत छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने बच्चों के नुक्कड़ नाटक की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के प्रबंधक देव शरण आर्य ने सभी विद्यार्थियों को अपने माता पिता, रिश्तेदारों, ग्रामवासी, नगरवासियों को दिनाँक 7 मई 2024 को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया एवं जिला समन्वयक अश्वनी कुमार जैन का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ अनुराग दुबे, अनुज मिश्रा, रिचा सिंह, ममता सक्सेना, मोनिका, मेघा सक्सेना एवं समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।